कार्यकर्ताओं को 1 मई महारैली सफल बनाने और जीत का मंत्र दिया

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय): उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का नियमताबाद विकासखंड सभागार में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. निषाद ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्थन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं। नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ को उन्होंने जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक बताया।

चुनावी रणनीति पर बात करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि भाजपा की रणनीति स्पष्ट है, जिसमें पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर कार्य करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से पार्टी भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
इस कार्यक्रम के दौरान एक दिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। डॉ. निषाद ने कार्यकर्ताओं को 1 मई को वाराणसी में होने वाली महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज का वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश सचिव शिव कुमारी निषाद, जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार निषाद, ज्योति कश्यप, संगठन जिलाध्यक्ष सुरेश निषाद, चंद्रकला निषाद, चंदन सिंह, काशी नाथ निषाद, रामबरन निषाद, मेघनाथ बिंद, संजय बिंद, उदय नारायण बिंद, नारायण बिंद और रामकेश सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गाजीपुर में बच्चे की मौत की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि कुछ लोग ऐसी घटनाओं पर राजनीति करते हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है, इसलिए लोगों को न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए की बढ़त है और सरकार बनने का पूरा विश्वास है। दल-बदल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विचारधारा बदलने पर नेता विकल्प तलाशते हैं और भाजपा-एनडीए की विचारधारा से प्रभावित होकर लोग जुड़ रहे हैं।