[smartslider3 slider="2"]

हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती पुलिस मुठभेड़ में घायल

Connect With Social Media

कव्वाली में महिलाओं पर टिप्पणी से भड़का था विवाद, हुई थी फायरिंग व तोड़फोड़

अलीनगर थाना क्षेत्र में एक कव्वाली कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद, फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे सकलडीहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद असलहा बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

यह घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव में देर रात 1:30 बजे आयोजित कव्वाली कार्यक्रम के दौरान हुई। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती अपने साथियों भोला, विवेक, बाबूलाल, मुस्कान और मयंक के साथ महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा था। युवक फरमान ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

विवाद के बाद जब फरमान अपने परिवार के साथ घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद फायरिंग करते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और अलीनगर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती की तलाश शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि धर्मेंद्र भारती सकलडीहा क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा मेहवा रिंग रोड के पास छिपाया गया है।

जब पुलिस उसे असलहा बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची, तभी आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे धर्मेंद्र भारती के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के अनुसार, धर्मेंद्र भारती एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर सहित करीब 33 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही, आरोपी को शरण देने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!