
सचिन पटेल
चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र स्थित महराई गांव में मां सरस्वती की मूर्ति स्थापना के अवसर पर बुधवार, 22 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह करीब 8 बजे महराई गांव से कुंवारी कन्याओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने सिर पर कलश रखकर नरौली गंगा घाट के लिए प्रस्थान किया। ‘जय माता दी’ के गगनभेदी नारों के बीच श्रद्धालु गंगा घाट पहुंचे। इस दौरान फूलों से सजी मां सरस्वती की प्रतिमा को आकर्षक रथ पर विराजमान कर यात्रा निकाली गई। घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और कलश में गंगाजल भरकर पुनः गांव लौटे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार बिंद, उपाध्यक्ष धर्मदेव जी, प्रमोद दुबे, सीताराम और प्रमोद प्रजापति सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन के तहत 23 अप्रैल, गुरुवार को प्राण प्रतिष्ठा, हवन-पूजन और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम होगा, जबकि 24 अप्रैल, शुक्रवार को देवी जागरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया है, जिसमें गाजीपुर, वाराणसी, छत्तीसगढ़ और विंध्याचल से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रमुख कलाकारों में मीनू चौहान, काजल कश्यप, आंचल भारती, अमृता रंजन, मनीष राज, सुमन भारती, शिवम यादव, रामाश्रय यादव, माया चौहान, बृजमोहन यादव, धनंजय प्रजापति, गौरव यादव और महेंद्र पाल शामिल हैं।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अन्नु सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व भावी विधायक प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र बिंद समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया।
