पीडीडीयू नगर (चन्दौली)- पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील अंतर्गत नियामताबाद डीपीआरसी परिसर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।इस अवसर पर राज्य मंत्री ने प्रदेशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी और आज प्रदेश देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री द्वारा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। स्कूली बच्चों को बैग वितरित किए गए तथा समाजसेवियों एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी द्वारा पार्टी छोड़े जाने के सवाल पर राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय और उनकी विचारधारा है।मिर्जापुर में जिम संचालकों द्वारा महिलाओं को ब्लैकमेल किए जाने के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में राज्य मंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी।कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के वायरल वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी दल मिलकर 2027 का चुनाव लड़ेंगे जिसमें एनडीए की सरकार बनेगी।प्रयागराज माघ मेले में धरने पर बैठे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े सवाल पर राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है जो सभी धार्मिक संगठनों और संत समाज का सम्मान करती है। पार्टी का उद्देश्य किसी को नाराज करना नहीं है और संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल, विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

