
चंदौली ।चकिया/ शहाबगंज कस्बा क्षेत्र में मंगलवार को जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार अतायस्तगंज निवासी शुभम मोदनवाल (25) विकास खंड मुख्यालय के समीप अपने परिवार के साथ रहता था। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के मुताबिक परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शुभम ब्लॉक मुख्यालय से कस्बे स्थित अपने पुराने घर गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। मृतक का भाई योगेश जब घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह बगल के मकान के रास्ते अंदर गया। कमरे में साड़ी के फंदे से शुभम को लटका देख उसके होश उड़ गए।
परिजन तत्काल उसे एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां
चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रियंका सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतक के भाई ने स्थानीय थाने में अपनी बुआ के खिलाफ लिखित तहरीर दी है, जिसमें जमीन विवाद को आत्महत्या का कारण बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक की मां माया देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
