चन्दौली-जनपद में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर, पुलिस लाइन, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न सरकारी कार्यालयों में प्रातःकाल तिरंगा फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत हुई।
●कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान किया। तदुपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

●इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माला, शाल एवं मिठाई भेंट कर उनका कुशल क्षेम जाना गया तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी भारत के इतिहास का एक अत्यंत गौरवशाली एवं प्रेरणादायक दिवस है, जब देश ने अपना संविधान अंगीकार कर स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया।

●उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है तथा प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। जिलाधिकारी ने शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात कर स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

●कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट एवं अन्य विभागों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना, उनका त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण करना हम सभी का परम दायित्व है।
●इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर पवन यादव, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन उपस्थित रहे।