[smartslider3 slider="2"]

बलुआ में पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़,एक बदमाश घायल

Connect With Social Media

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और लूट के आरोपित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कार्रवाई के दौरान एक दरोगा भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है तथा उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर के जरिये मोबाइल और नकदी लूट की घटनाओं में शामिल बदमाशों की सूचना मिली। सूचना के आधार पर बलुआ पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी आकाश मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक जमीलउद्दीन के हाथ में भी गोली लग गई। घायल दरोगा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार व घायल दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से असलहे, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद करने का भी दावा किया है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!