[smartslider3 slider="2"]

खजूर गांव में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, खनन करते जेसीबी मशीन पकड़ी गई

Connect With Social Media


पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खजूर गांव, थाना अलीनगर क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मुगलसराय राजीव मोहन सक्सेना के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम क्षेत्र में जांच एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ग्राम खजूर गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो एक जेसीबी मशीन अवैध खनन कार्य में संलिप्त पाई गई।
प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को अपने कब्जे में ले लिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही मामले की जानकारी खनन विभाग को देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन और जिलाधिकारी के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!