
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बगही की हरिजन बस्ती में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल के निर्देश पर बस्ती में ट्यूबवेल बोरिंग कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष गुड़िया देवी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बोरिंग कार्य की शुरुआत कराई।
बताया गया कि बगही की हरिजन बस्ती के लोग पिछले करीब 10 वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को पानी के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था। कई बार स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।
विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि बस्ती की महिलाओं ने उनसे मिलकर अपनी समस्या बताई थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को दोनों बस्तियों में ट्यूबवेल स्थापित कराने का निर्देश दिया। उसी क्रम में अब बोरिंग कार्य शुरू करा दिया गया है, जिससे जल्द ही ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। एक महिला ने कहा कि गांव में लंबे समय से पानी की भारी समस्या थी और लोग दूसरे मोहल्लों से पानी लाकर पीने को मजबूर थे। विधायक द्वारा की गई पहल से अब उनकी बड़ी समस्या दूर होने जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से पानी की समस्या के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। महिलाओं को लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। अब ट्यूबवेल लगने से पूरे गांव को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा, “मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों का भरोसा बनना है, धोखा देना नहीं। जनता की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।”
ट्यूबवेल बोरिंग कार्य शुरू होने से बगही हरिजन बस्ती के लोगों में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम बताया है।