
चंदौली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार को नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परितोष मिश्रा ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय पर समुचित उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध हों, इसके लिए नियमित निगरानी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नवागत सीएमओ ने स्पष्ट किया कि मरीजों को इलाज और दवाओं की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जनहित के अनुरूप और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई. के. राय का स्थानांतरण होने के बाद डॉ. परितोष मिश्रा को चंदौली जनपद का नया सीएमओ नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें भी जगी हैं।