
चन्दौली। थाना बबुरी पुलिस ने हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।
क्या था मामला
पुलिस के अनुसार, ग्राम भैसही में वादी के पिता विभूती अपने घर के पास खेत में बकरी चरा रहे थे। इस दौरान उन्होंने पास स्थित बांस के पेड़ से एक डंडी तोड़ ली। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से विभूती के सिर पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची चिंतामणि पत्नी विभूती, रामकरण पुत्र प्रहलाद, गुड़िया पुत्र रामकरण और मनोरमा पुत्र रामलखन को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस घटना में कुल 5 लोग घायल हुए। मामले में थाना बबुरी में मु0अ0सं0 54/26 के तहत धारा 115(2), 351(2), 352, 190 और 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कमती पुलिया से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना बबुरी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कमती पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लालब्रत पुत्र स्व. रामधनी, उम्र 58 वर्ष तथा हरिश्चन्द्र उर्फ टुनटुन पुत्र नन्दकेश, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भैसही थाना बबुरी जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। तलाशी में इनके पास से एक लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद हुई। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गुलाम हुसैन, उपनिरीक्षक अशोक यादव, उपनिरीक्षक संजय सिंह, आरक्षी विकास सिंह और आरक्षी नीरज गौतम शामिल रहे।