[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में सीरियल किलर का अंत: ट्रिपल मर्डर आरोपी गुरप्रीत सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर48 घंटे में तीन हत्याओं से दहशत फैलाने वाले आरोपी का खात्मा, दो पुलिसकर्मी भी घायल

Connect With Social Media

अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)/चंदौली।
चंदौली जनपद में पिछले 48 घंटों से दहशत का पर्याय बने ट्रिपल मर्डर आरोपी गुरप्रीत सिंह का सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। सकलडीहा थाना क्षेत्र के दरियापुर इलाके में लोकेशन इन्वेस्टिगेशन और घटना के रिक्रिएशन के दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।


पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह ने महज दो दिनों के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर पूरे जिले और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मचा दी थी। आरोपी ने पहले दो अलग-अलग ट्रेनों—पैसेंजर ट्रेन और जम्मूतवी एक्सप्रेस—में यात्रियों की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद सोमवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में घुसकर भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
अस्पताल में हत्या के बाद पकड़ा गया था आरोपी
महिला मरीज की हत्या के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों और स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही थी और वारदातों से जुड़े साक्ष्य जुटा रही थी।


घटना का रिक्रिएशन करते समय पुलिस पर हमला
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाकर वारदात का रिक्रिएशन कर रही थी। पहले उसे मुगलसराय स्टेशन और उसके बाद कुचमन रेलवे स्टेशन के पास ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गुरप्रीत सिंह को दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेना से हो चुका था पदच्युत


पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आरोपी गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का निवासी था और पहले भारतीय सेना में कार्यरत था। वर्ष 2021 में उसे सेना से पदच्युत कर दिया गया था। हाल ही में वह बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के सिलसिले में आया था, लेकिन अत्यधिक शराब पीने की लत के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में बिना किसी ठोस वजह के लोगों को निशाना बनाता था। पूछताछ में अब तक हत्याओं के पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश या स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
हथियार बरामद, जांच जारी


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रिवॉल्वर और काटकर छोटा की गई डबल बैरल गन बरामद की है। पुलिस को डबल बैरल गन का लाइसेंस भी मिला है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एसपी के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता
लगातार तीन हत्याओं के बाद पूरे चंदौली जनपद और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में दहशत का माहौल था। आरोपी के मारे जाने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेहद कम समय में इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी का खात्मा कर दिया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!