
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनीश खान (56 वर्ष) निवासी मारवाड़ी, जिला हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनीश खान पेशे से ट्रक चालक थे और किसी कार्य से मुगलसराय क्षेत्र में आए हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लेबर चौकी इंचार्ज तथा मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
