50 वर्ष पुरानी मस्जिद का अवैध हिस्सा हटाया जा रहा, प्रशासन ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम

अशोक कुमार जायसवाल
डीडीयू नगर दिन गुरुवार (मुगलसराय) में लगभग 50 वर्ष पुरानी एक मस्जिद के अवैध कब्जे वाले हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मस्जिद का आधा हिस्सा पीडब्ल्यूडी की जमीन पर तथा आधा हिस्सा रेलवे की भूमि पर बना हुआ है। प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद अब स्थानीय लोग स्वयं मस्जिद के अवैध हिस्से को तोड़ने में जुटे हुए हैं।

बुधवार को मस्जिद के गुम्बद पर चढ़कर लोग तोड़फोड़ करते नजर आए। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई जारी रही। प्रशासन की निगरानी में मस्जिद के अवैध हिस्से को हटाया जा रहा है ताकि सरकारी भूमि को पूरी तरह खाली कराया जा सके।

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि मस्जिद को हटाने के लिए पहले ही 10 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाकर स्थल को खाली करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मस्जिद कई दशकों पुरानी है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण और भूमि संबंधी जांच के दौरान इसका कुछ हिस्सा सरकारी जमीन पर पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। फिलहाल लोग स्वयं निर्माण हटाने में लगे हैं ताकि किसी प्रकार की सख्त प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।
