[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल जीत का जश्न मनाया

Connect With Social Media

विधायक रमेश जायसवाल ने इसे सुशासन और विकास की जीत बताया

अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सोमवार रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को माला पहनाकर बधाई दी।

क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल के आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक ऐतिहासिक जीत बताया।

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बंगाल के हुगली जिले की हरिपाल विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान दो महीने तक सक्रिय रहे, जहां पार्टी को लगभग 6,000 वोटों से विजय मिली।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पण दिखाया, जिसका परिणाम आज सामने है। जायसवाल ने इस जीत का श्रेय बंगाल की जनता को दिया और कहा कि अब बंगाल भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।

रमेश जायसवाल ने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री की नीतियों और विकास मॉडल पर जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने घुसपैठ जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने राष्ट्रवादी विचारधारा की सरकार की आवश्यकता को समझा और उसे समर्थन दिया।

इस मौके पर संजय कनौजिया, भीम मोदी, आशीष कंदोई, आशीष जायसवाल, नितिन गुप्ता, राजू सिंह, गीता रानी गुप्ता, विनीता अग्रहरि, चिंटू सिंह, राजीव जायसवाल, आदर्श जायसवाल, दीपक जायसवाल, अमित सिंह और प्रवीण सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!