भीषण गर्मी, रोजगार संकट में मिला सहारा

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में रविवार को समाजसेवी संस्था ‘सब जग चल्लनहार ट्रस्ट’ ने भीषण गर्मी और रोजगार संकट से जूझ रहे गरीब रिक्शा चालकों के लिए सराहनीय पहल की। ट्रस्ट ने लगभग 200 जरूरतमंद रिक्शा चालकों को राहत पैकेट्स वितरित किए।

इन राहत पैकेट्स में आटा, दाल, तेल, मसाले, गमछा और 200 रुपये नकद शामिल थे। यह सहायता रिक्शा चालकों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
भीषण गर्मी और हाल ही में रिक्शा स्टैंड हटाए जाने से चालकों को सवारी नहीं मिल पा रही है। इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है, जिससे कई परिवार भुखमरी के कगार पर पहुँच गए हैं।

ट्रस्ट के सेवादार जितेंद्र कुमार जुनेजा ने बताया कि रिक्शा स्टैंड टूटने और भीषण गर्मी के कारण चालकों की कमाई लगभग ठप हो गई है। इसे देखते हुए ट्रस्ट ने राशन वितरण का निर्णय लिया, ताकि उनका जीवन यापन सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने बताया कि करीब 200 लोगों को राहत प्रदान की गई है।
रिक्शा ट्रॉली कल्याण समिति के अध्यक्ष कयामुद्दीन अंसारी ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब संस्था के अध्यक्ष विक्की जुनेजा को चालकों की स्थिति का पता चला, तो उन्होंने तुरंत मदद का निर्णय लिया। अंसारी के अनुसार, यह सहायता इन गरीब परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत है।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और नगर पालिका से अपील की गई कि टूटे हुए रिक्शा स्टैंड का पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही, चालकों के लिए रात में ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे गर्मी, बारिश और सर्दी में सुरक्षित रह सकें।

इस अवसर पर शिवनाथ गुप्ता (पप्पू), डब्लू राय, चिंटू, सभासद राजकुमार कनौजिया, निर्भय सिंह, नितिन गुप्ता, पीयूष और जोगिंदर यादव सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
