
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के तम्बागढ़ गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते चार से पांच रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची आंशिक रूप से झुलस गई, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयंकर थी कि घरों में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों के आगे उनकी एक न चली।

इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों का सब कुछ जलकर खाक हो गया। घर में रखा सामान, गहने, नकदी, बच्चों के कपड़े और किताबें सब राख में तब्दील हो गए। कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनके सामने भोजन व कपड़ों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

धीना थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि आग की शुरुआत खेत से हुई थी, जो तेज हवा के चलते रिहायशी इलाके तक पहुंच गई।
घटना की सूचना के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक गांव के अधिकांश घर जल चुके थे। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।

घटनास्थल पर पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह “डब्लू” भी पहुंचे और उन्होंने दमकल विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा देने और क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना की मांग की है।
