[smartslider3 slider="2"]

राधा-कृष्ण मंदिर से 400 साल पुरानी मूर्तियां चोरी, ग्रामीणों का सड़क जाम कर प्रदर्शन

Connect With Social Media

चंदौली- बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरनगंज पुलिस चौकी अंतर्गत रमौली गांव स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बीती रात मंदिर के गर्भगृह से करीब 400 वर्ष पुरानी राधा-कृष्ण की मूर्तियां चोरी कर लीं। घटना से पूरे गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है।


●ग्रामीणों के अनुसार यह मंदिर न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। खास बात यह है कि करीब 10 साल पहले भी इसी मंदिर से भगवान कृष्ण की मूर्ति चोरी हो चुकी थी। उस समय मूर्ति की बरामदगी नहीं हो सकी थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने नई मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की थी।


सुबह पूजा के दौरान हुआ खुलासा
सोमवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह से मूर्तियां गायब देख सन्न रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछली चोरी के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले और बुलंद हो गए।
●सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर नारेबाजी की और जल्द से जल्द मूर्तियों की बरामदगी व चोरों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन को और तेज करेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
●घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस और मोहरनगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है।बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और पुरातन धरोहरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!