[smartslider3 slider="2"]

पैमाइश में बदलाव से भड़के व्यापारी, प्रशासन से मांगी स्पष्टता और दस्तावेज

Connect With Social Media



पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर के वेस्टर्न बाजार, गल्ला मंडी सिटी रोड निवासी दिलीप जायसवाल और प्रदीप कुमार जायसवाल ने अपनी संपत्ति की पैमाइश को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से स्पष्ट जानकारी और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
दिलीप जायसवाल का आरोप है कि पहले उनकी भूमि की पैमाइश 48 फीट बताई गई थी, जिसके आधार पर उन्होंने अपना मकान तक तोड़ दिया। लेकिन बाद में प्रशासन द्वारा पैमाइश 52 फीट बताई जाने लगी, जिससे वे असमंजस और आर्थिक नुकसान की स्थिति में आ गए हैं। उनका कहना है कि बार-बार पैमाइश बदलने से उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें नियमानुसार नया नोटिस जारी किया जाए तथा संबंधित परियोजना की प्रति उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे उसका विधिवत जवाब दे सकें। उनका कहना है कि यदि अधिकारी वर्तमान पैमाइश पर कायम हैं तो अधिग्रहण से संबंधित सभी दस्तावेज उन्हें उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें उचित दस्तावेज और स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।
वहीं प्रदीप कुमार जायसवाल ने भी आरोप लगाया कि उन्हें पहले 48 फीट और बाद में 52 से 53 फीट तक अलग-अलग जानकारी दी गई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग अंतिम और वास्तविक प्रारूप (लेआउट) सार्वजनिक करे, ताकि सभी प्रभावित लोगों को सही स्थिति की जानकारी मिल सके।
दोनों शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बार-बार बदलती पैमाइश और अधिकारियों की ओर से स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण क्षेत्र के लोगों में असंतोष और संशय बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मामले में पारदर्शिता लाकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग से व्यापारियों की अपील है की उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मामले में पारदर्शिता लाकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!