[smartslider3 slider="2"]

मुगलसराय में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: दूसरे दिन 50 से अधिक मकानों पर कार्रवाई, प्रशासन ने दी समय रहते हटने की अपील

Connect With Social Media




अशोक कुमार जायसवाल


पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाओ अभियान के दूसरे चरण के दूसरे दिन भी प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई जारी रही। बुधवार को सड़क के दक्षिणी हिस्से में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया, जहां 50 से अधिक मकानों और निर्माणों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन की ओर से तय मानकों के अनुसार सड़क के मध्यांतर से 48 फीट के भीतर आने वाले निर्माणों को हटाया गया।


अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। मौके पर एसडीएम अनुपम मिश्रा, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना, क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सहयोग करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने की अपील की। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को समय रहते अपने मकान और दुकानों से सामान हटाने की सलाह भी दी।


एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान या दुकान निर्धारित सीमा के अंदर आ रहे हैं, वे स्वयं आगे बढ़कर निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू करें, ताकि अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से भविष्य में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। हालांकि कार्रवाई से प्रभावित लोगों में चिंता भी देखी जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!