
सचिन पटेल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। बुधवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस से लोग पूरे दिन बेहाल रहे। चकिया तिराहे समेत कई इलाकों में दोपहर के समय तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित दिखाई दिया। तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर नजर आए। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए छांव, ठंडे पेय पदार्थ और कूलर-पंखों का सहारा लेते नजर आए।

सुबह से ही वातावरण में भारी उमस बनी हुई थी। लोगों का कहना था कि गर्मी के साथ नमी इतनी अधिक थी कि सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो रही थी। बिजली की आवाजाही और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी थीं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों, रिक्शा चालकों और दुकानदारों को उठानी पड़ी।
इसी बीच शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ आंधी चलने लगी। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बादलों की तेज गड़गड़ाहट और ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बारिश शुरू होते ही लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली और वातावरण सुहावना हो गया।

बारिश के दौरान कई लोग घरों की छतों और दुकानों के बाहर खड़े होकर मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े लोगों के चेहरों पर राहत साफ नजर आई। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच बुधवार शाम हुई बारिश किसी राहत से कम नहीं रही।
मौसम बदलने के बाद देर शाम तक ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों ने चैन की सांस ली और नगर का वातावरण काफी खुशनुमा हो गया।