[smartslider3 slider="2"]

चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, गड़ासा बरामद

Connect With Social Media

अशोक कुमार जायसवाल

चन्दौली जनपद के थाना शहाबगंज पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल गड़ासा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की शाम थाना शहाबगंज क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर खुर्द के सामने चकिया-चन्दौली मार्ग पर मामूली कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान कोमल तिवारी (52 वर्ष) निवासी ग्राम गजधरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय चन्दौली ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान 1 मई 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में थाना शहाबगंज पर मु0अ0सं0 37/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का मुख्य आरोपी अमरनाथ यादव तियरा मार्केट के पास लालपुर-शिवपुर मार्ग किनारे मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अमरनाथ यादव पुत्र स्व. बलिराम यादव निवासी ग्राम फत्तेपुर खुर्द थाना शहाबगंज, उम्र 60 वर्ष ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना के दौरान कोमल तिवारी उसकी पत्नी को लेकर अपशब्द कह रहे थे, जिससे गुस्से में आकर उसने गड़ासे से उनके सिर पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह डरकर फरार हो गया था। बाद में उसे पता चला कि घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह, संतोष सिंह, राजेन्द्र नाथ सिंह, कांस्टेबल अजय पटेल एवं महिला कांस्टेबल नीतू भारती शामिल रहीं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!