मछली मंडी से सपा कार्यालय तक ध्वस्त हुए अवैध निर्माण, भारी पुलिस बल तैनात

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। प्रशासन ने गुरुवार को 11:00 को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मछली मंडी से समाजवादी पार्टी कार्यालय तक पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस अभियान से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
प्रशासनिक बुलडोजर
एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर पालिका ईओ राजीव मोहन सक्सैना, सीओ अरुण कुमार सिंह और मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। सुबह से ही जेसीबी मशीनों ने अवैध ढांचों को हटाना शुरू कर दिया।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर मुस्तैद थी। प्रशासन ने सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अस्थायी ढांचों, टीनशेड और दुकानों को हटाया।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं।

अभियान के दौरान इलाके में गहमागहमी का माहौल रहा। बुलडोजर चलते देख कई लोगों ने खुद ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना की है। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटने से मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और बाजार भी व्यवस्थित होगा। प्रशासन अब अन्य चिन्हित स्थानों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।