जनहित के 8 बड़े मुद्दे उठाने की तैयारी

अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे से पहले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की अनुमति मांगी है। कांग्रेस नेताओं ने चंदौली और वाराणसी के जिलाधिकारियों को पत्र सौंपकर जनहित से जुड़े आठ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए समय देने का अनुरोध किया है।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि क्षेत्र की कई गंभीर समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान प्रधानमंत्री स्तर पर ही संभव है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में प्रतिनिधियों की मुलाकात सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के समक्ष आठ प्रमुख मांगें रखने की बात कही है। इनमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) को ‘C’ ग्रेड से हटाकर उसका पूर्व का दर्जा बहाल करने की मांग प्रमुख है।
अन्य मांगों में डूडा विभाग में पंजीकृत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए वेंडर ज़ोन का निर्माण, साथ ही ओड़वार, गोधना और मनोहरपुर के काशीराम आवासों का जीर्णोद्धार एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना शामिल है।

इसके अतिरिक्त, सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों को उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा देने की मांग की गई है। लंबित पत्रकार भवन और प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) का निर्माण भी इन मांगों में शामिल है।
नगर व सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों और नालियों का निर्माण एवं मरम्मत, विभिन्न वार्डों में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (सीटीपी) की स्थापना, और काशी विश्वनाथ मंदिर में चंदौली वासियों को भी काशीवासियों की तरह सुलभ दर्शन की सुविधा प्रदान करने की मांगें भी उठाई गई हैं।
शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्राथमिक मांग प्रधानमंत्री से सीधी मुलाकात है, ताकि मुगलसराय की समस्याओं को उनके समक्ष रखा जा सके। उन्होंने नगर के ‘C’ ग्रेड वर्गीकरण का विरोध करते हुए इसे पूर्व की स्थिति में बहाल करने की मांग दोहराई।

पदाधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों के लिए उचित मुआवजे, बुनियादी ढांचे के विकास, पत्रकार भवन और प्रेक्षागृह निर्माण, तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क-नाली सुधार को भी प्राथमिकता बताया।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे वाराणसी की ओर कूच कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर यह लड़ाई अंतिम दम तक जारी रहेगी।