[smartslider3 slider="2"]

फर्जी सीओ-एसओ बनकर महिलाओं से अभद्रता, दो गिरफ्तार

Connect With Social Media

मुगलसराय में फोन पर महिलाओं को परेशान करने वाले पकड़े गए

अशोक कुमार जायसवाल

मुगलसराय पुलिस ने खुद को फर्जी सीओ और एसओ बताकर महिलाओं व बालिकाओं से फोन पर अभद्रता करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित खरवार (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सोहन खरवार और गोरख यादव (20 वर्ष) पुत्र रामजनम यादव के रूप में हुई है। दोनों मुगलसराय थाना क्षेत्र के ग्राम भोगवारे, जनपद चंदौली के निवासी हैं। उनके खिलाफ थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 195/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महिलाओं से बात करने के उद्देश्य से बार-बार फोन करते थे। जब कोई महिला उनका नंबर ब्लॉक कर देती थी, तो वे दूसरे नंबर से कॉल करते थे। आरोपी खुद को फर्जी सीओ या एसओ बताकर महिलाओं को डराने का प्रयास करते थे और फोन पर गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

इस गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक बाकेलाल यादव, महिला उपनिरीक्षक रीता देवी, महिला हेड कांस्टेबल दिव्या कनौजिया और कांस्टेबल आत्मा तिवारी की टीम शामिल थी।

पुलिस ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!